सहारनपुर (देवबंद)। गोल्डन टेंपल ट्रेन से दिल्ली होते हुए एक सप्ताह पहले ही सहारनपुर पहुंचे एक कश्मीरी युवक को संदिग्ध मानते हुए खुफिया विभाग ने हिरासत में ले लिंया। उससे सात घंटे तक पूछताछ की गई। हालांकि बाद में कोई मामला संदिग्ध नहीं मिलने से उसे छोड़ दिया गया। युवक एक सप्ताह से सहारनपुर में ही घूम रहा था और रेलवे स्टेशन के नजदीक के एक होटल में रुका था। खुफिया विभाग की टीम उसका चार दिन से पीछा कर रही थी।
पिछले सप्ताह गोल्डन टेंपल ट्रेन से दिल्ली होते हुए एक कश्मीरी युवक सहारनपुर पहुंचा। उसके साथ देवबंद का एक युवक भी बैठा था। देवबंद के युवक ने बताया कि पास बैठे युवक ने उससे बातचीत शुरू की और बताया वह कश्मीर का रहने वाला है। उसने कहा कि यदि वह बेरोजगार है तो उसके साथ कश्मीर चले, उसका और उसके पूरे परिवार का भला हो जाएगा। आरोपी नशे में था और उसने अपना लैपटॉप खोलकर कुछ आपत्तिजनक फोटो दिखाए। उसके बाद उसने अपना निजी व्हाट्सएप नंबर भी दिया, जिस पर काफी आपत्तिजनक फोटो नजर आ रहे थे। इससे वह घबरा गया। आरोपी ने उसे बताया था कि वह नवीन नगर में रहने वाले एक व्यक्ति से मिलने जा रहा है, जिससे मिलने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है। चार कमरों के अंदर जाकर उससे मिलना पड़ता है। उसने देवबंद पहुंचकर इसकी जानकारी खुफिया विभाग के अधिकारियों को दी।
खुफिया विभाग के अधिकारी इस सूचना से अलर्ट हो गए और सहारनपुर पहुंचे तथा रेलवे स्टेशन के आसपास स्थित होटलों में खंगालना शुरू किया। सूत्रों के अनुसार संदिग्ध युवक कहकशां नाम के एक होटल में रुका। खुफिया विभाग की टीम वहां पहुंची, लेकिन कश्मीरी युवक उन्हें नहीं मिल सका। खुफिया विभाग की टीम ने होटल से उसका आई कार्ड एवं अन्य दस्तावेज कब्जे में लेकर उस पर नजर रखनी शुरू कर दी।
सोमवार को कश्मीरी युवक होटल से निकलकर नवीन नगर की ओर चला तो आईबी एवं खुफिया विभाग की टीम ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। जैसे ही वह नवीन नगर की गली नंबर 6 में पहुंचा और एक मकान में घुसने का प्रयास कर रहा था, खुफिया टीम ने उसे दबोच लिया। उसके बाद मकान की तलाशी ली, जहां कुछ कश्मीरी व्यक्ति मिले जो कंबल बेचते हैं। खुफिया टीम कश्मीरी युवक को अपने साथ ले गई। खुफिया टीम ने सात घंटे तक उससे पूछताछ की और उसका लैपटॉप भी खंगाला गया। सूत्रों के मुताबिक कश्मीरी युवक ने अपना पता चिरकोट कुपवाड़ा, जम्मू कश्मीर बताया।
एलआईयू के सीओ सुधीर तोमर ने बताया कि एक कश्मीरी युवक को पूछताछ के लिए बुलाया गया था लेकिन कोई मामला संदिग्ध नहीं मिला। जिस कारण उसे छोड़ दिया गया। फिलहाल उस पर नजर रखी जा रही है। उसने नशे के चलते बेवजह अधिक बढ़ा-चढ़ा कर बातें कर दी, जिससे संदेह के घेरे में आ गया था।