रामपुर मनिहारान। गांव भांकला में ढाई माह पूर्व चार युवकों ने एक दलित पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर मौत के घाट उतार दिया था। इस घटना में जेल में बंद चारो आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है।
रामपुर मनिहारान थाने के गांव भांकला निवासी दलित 55 वर्षीय सुक्कड़ पुत्र जीवन की गांव के ही आशु पुत्र भोजराज, गोविंद पुत्र सुरेश, ललित पुत्र अनंगपाल, अंकित पुत्र गांधी ने 11 जुलाई 2018 की रात को उस समय ताबड़तोड़ गोलियां चला कर हत्या कर दी थी जब वह रात के समय सड़क किनारे चारपाई पर बैठा बातें कर रहा था। घटना के दौरान सभी आरोपी शराब के नशे में थे। मृतक के परिजनों की ओर से इस हत्याकांड में उक्त चारों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस हत्याकांड में शामिल चारों आरोपियों पर और भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने घटना में चारो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब जिलाधिकारी के आदेश पर आशु, गोविंद, ललित, अंकित निवासी गांव भांकला पर गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की गई है।