गैंगरेप की शिकायत करने पर पीटा
सहारनपुर। कोतवाली मंडी क्षेत्र में एक विवाहिता से गैंगरेप करने का मामला सामने आया है। विवाहिता ने जेठ पर अपने दोस्त के साथ मिलकर तमंचे की बल पर गैंगरेप करने का आरोप लगाया है। पुलिस में शिकायत करने पर पीड़िता के साथ मारपीट की गई। एसएसपी से मामले में कार्रवाई की मांग की।
एसएसपी बबलू कुमार को दिए शिकायती पत्र में पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका जेठ उस पर बुरी नजर रखता था। इसकी शिकायत उसने जेठानी से भी की थी। लेकिन जेठ अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। विवाहिता का आरोप है कि 20 दिसंबर को जब वह घर में अकेली थी तो जेठ अपने दोस्त के साथ आया। दोनों ने उसे कमरे में खींचकर कनपटी पर तमंचा लगा गैंगरेप किया। आरोपियों ने किसी को बताने पर मारने की धमकी भी दी। उसने अगले दिन थाने में तहरीर दी। इससे गुस्साए आरोपियों ने दोबारा घर पर आकर उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव कराने आई सास और ननद को भी पीटा गया। मोहल्ले के लोगों के एकत्र होने पर आरोपी फरार हो गए। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।