सिपाही के साथ कहासुनी
शामली। मेरठ-करनाल हाईवे स्थित टिटौली चौकी पर सिपाही ने गलत साइड से आ रहे एक ट्रक चालक को रोका तो ट्रक चालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर सिपाही के साथ अभद्रता कर डाली। बाद में सभी आरोपी ट्रक लेकर मौके से फरार हो गए।
मेरठ-करनाल हाईवे पर रोजाना जाम की समस्या रहती है और बड़े वाहनों का रोजाना जाम लग जाता है। शनिवार की रात भी जाम लगा हुआ था। एक ट्रक चालक दूसरी साइड से ट्रक का लेकर करनाल की ओर से आ रहा था। चौकी पर तैनात सिपाही ने ट्रक चालक को रोक लिया। इस बात पर ट्रक चालक ने गालीगलौज शुरू कर दी। उसने विरोध किया इसी बीच ट्रक में सवार तीन अन्य युवक भी उतरकर आ गए और सिपाही के साथ मारपीट को उतारू हो गए। इस दौरान चौकी पर हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। जिसके बाद सभी आरोपी ट्रक में सवार होकर फरार हो गए। सिपाही ने हाईवे पुलिस को इसकी जानकारी दी। सिपाही के साथ अभद्रता कर ट्रक चालक के फरार होने की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया और ट्रक को ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। उधर थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है, ट्रक चालक और सिपाही के बीच हॉट-टॉक हो गई थी, बाद में उन्होंने माफी मांग ली थी, जिसके बाद वह चले गए थे।