पुंवारका संघर्ष के मामले में 27 लोगों पर एफआईआर
सहारनपुर। ग्राम पुंवारका में नल ठीक कराने को लेकर शुक्रवार की शाम को दो पक्षों में हुए संघर्ष के मामले में दोनों ओर से एफआईआर दर्ज करा दी गई है। लाल सिंह की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर में 27 लोगों को नामजद कराया गया है। जबकि मेनपाल की ओर से 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
शुक्रवार की शाम को देहात कोतवाली के ग्राम पुंवारका में दो पक्षों में जमकर लाठी, डंडे चले और पथराव हुआ। जिसमें एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में भी ले लिया है। इस मामले में मैनपाल की ओर से मोहिनी पत्नी भूपेंद्र सिंह ने लाल सिंह, कंटू, अरविंद, सचिन, किरणपाल, नीली के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। जबकि लाल सिंह ने विक्की रवि, सूरत, आशू, पुन्नू, संजू, सचिन, भानू, शुभम पुत्र राजेंद्र, अमित, आशुतोष, विक्की पुत्र शिवकुमार, शुभम पुत्र शिवपाल, अरुण, शेखर, निक्की, राघव, अजय, काक्का, कुलदीप, शेखर, अंकित के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। शब्बीरपुर की घटना को देखते हुए ग्राम पुंवारका में दूसरे दिन भी पुलिस एवं पीएसी तैनात रही। बताया जा रहा है कि कुछ लोग शब्बीरपुर की तरह यहां भी मामले को तूल देने का प्रयास कर रहे हैं। इस मामले में एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह का कहना है कि मामला फिलहाल शांत है। दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर दर्ज की जा रही है। मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।