सहारनपुर। शहर में भूतेश्वर मंदिर रोड स्थित शिवेंद्र कॉलोनी में विवाहिता का शव कमरे में फंदे पर लटकता मिला। उस समय परिवार एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए गया था। मृतका के परिजनों ने ससुरालियों पर उत्पीड़न करने एवं दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।
मंडी कोतवाली क्षेत्र के भूतेश्वर रोड स्थित शिवेंद्र कालोनी निवासी आशीष उर्फ बंटी का परिवार रविवार को एक विवाह समारोह में गया था। जबकि आशीष की पत्नी पायल घर पर ही थी। जब परिवार वापस लौटा तो पायल फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली। उन्होंने उसे उतारकर अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी सूचना पर पहुंची पुलिस ने आशीष और उसके परिजनों से इस मामले में पूछताछ की। पुलिस के अनुसार आशीष का अपनी पत्नी से अलग रहने के लिए अक्सर विवाद होता रहता था। लेकिन वह मां बाप का साथ छोड़ने को तैयार नहीं था। पायल की मौत की सूचना मिलते ही शामली के मोहल्ला दयानंदनगर निवासी पायल की मां प्रेमो, भाई नीरज एवं अन्य रिश्तेदार पहुंच गए थे। परिजनों ने पायल के ससुरालियों पर पायल का उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाया। पायल के भाई नीरज ने पायल के पति और ससुर के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने एवं हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने पति एवं ससुर को हिरासत में ले लिया है। कोतवाली मंडी प्रभारी निरीक्षक प्रेमवीर सिंह राणा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पति और ससुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।