पुलिस ने दो लुटेरे पकड़े, दो साथी हुए फरार
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। शराब के ठेकों पर और किसानों से लूट करने की वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। उनके दो साथी फरार हो गए।
कोतवाली पर की गई प्रेस कांफ्रेंस में सीओ यतेंद्र नागर ने बताया कि 10 मई की रात को रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के गांव लालू माजरा के किसान हरियाणा से गेहूं बेचकर ट्रैक्टर ट्राली से लौट रहे थे। बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर किसान को गोली मार दी थी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसके बाद 17 मई की रात करीब साढ़े नो बजे नकुड़ थाना क्षेत्र के खेड़ा अफगान में शराब के ठेके से 62 हजार रुपये की लूट करते हुए शराब ठेके के सेल्समैन को गोली मार दी थी। गोली लगने से सेल्समैन गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसी रात को रामपुर मनिहारान के गांव खटकाहेड़ी में अंग्रेजी, देशी और बीयर के ठेकों पर लूट की घटनाओं को अंजाम दिया गया। इनमें 39 हजार रुपये की लूट की गई थी। लूट का विरोध करने पर सेल्समैन पर बदमाशों ने फायर झोंक दिया था। इसमें वह बाल-बाल बचा था। नागर ने बताया कि 29 मई की रात करीब 10 बजे नया गांव में पूर्वी यमुना नहर के पुल पर एक बाइक पर दो संदिग्ध को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। जब वे भागने लगे तो उन्हें दबोच लिया गया। उनसे पूछताछ की गई तो दोनों बदमाशों ने लालू माजरा में किसान को गोली मारने और शराब के ठेकों पर लूट की बात कबूल। पकड़े गए बदमाश सुंदर गांव सलेमपुर थाना रामपुर मनिहारान और सचिन रादौर थाना तीतरो हैं। उनके कब्जे से लूट के 34 हजार रुपये, एक मोबाइल, एक बाइक, दो तमंचे, छह कारतूस बरामद किए गए हैं। उनके दो साथी रोबिन गांव खेड़ा कुरतान थाना कांधला और एक अज्ञात फरार है। सीओ यतेंद्र नागर ने बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम कोतवाली प्रभारी बबलू कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, गौरव कुमार, सचिन शर्मा दीपक नागर को बधाई दी।