सहारनपुर में हरियाणा से तस्करी कर ट्रक में भरकर गोकशी के लिए लाए जाए जा रहे 14 गोवंश को पुलिस ने संकलापुरी के जंगल से पकड़ लिया। ट्रक में गोवंश को बेरहमी से दबा कर भर रखा था। जिससे दो की मौत हो गई।
पुलिस ने दो तस्करों को दबोच लिया जबकि एक फरार होने में कामयाब हो गया। बृहस्पतिवार को देहात कोतवाली पुलिस ने ग्राम संकलापुरी के जंगल में घेराबंदी की और ट्रक को रोकने का प्रयास किया।
खुद को घिरा देख ट्रक चालक क्लीनर एवं एक अन्य व्यक्ति ने ट्रक छोड़कर भागना शुरू कर दिया। पुलिस ने पीछा कर दो तस्करों को दबोच लिया। जबकि एक भागने में कामयाब हो गया।
पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें से ठूंस-ठूंस कर भरे गए 14 गोवंश बरामद हुए। इनमें 8 गाय एवं 6 बैल एवं सांड़ थे। पुलिस ने उन्हें ट्रक से बाहर निकाला। लेकिन तब तक 2 बैलों की मौत हो चुकी थी।
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए तस्करों ने अपना नाम जाबिर निवासी धनवा तीतरो, सलीम निवासी फुलारा, देवबंद बताया तथा तीसरे फरार हुए व्यक्ति का नाम मेहराज निवासी कुंडा बताया।
पुलिस ने पकड़े गए दोनों युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि फरार तस्कर की पुलिस तलाश कर रही है। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए गोवंश को इंजेक्शन देकर बेहोश कर दिया, ताकि गोवंश अपनी जगह से हिलडुल न सकें तथा आवाज न निकाल सकें।
तस्करों ने गोवंश को ट्रक में लादकर उन पर लोहे का जाल डाल दिया और फिर उसके ऊपर पुराने टायर रख कर पूरी तरह से भर दिया। ट्रक को बाहर से देखने पर ऐसा लगा कि उसमें टायर भरे हुए हैं।
तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए एक सुरक्षित रास्ता तलाश कर लिया है। तस्कर हरियाणा के अंबाला रोड पर सरसावा में यूपी में प्रवेश कर सहारनपुर पहुंचते हैं। कोतवाली मंडी क्षेत्र में मेला गुघाल सड़क से निकलते हुए मातागढ़ होते हुए पुराना कलसिया रोड के गांवों बिशनपुर, ज्ञानागढ़ से होकर देवला पहुंच जाते हैं।