विवाहिता को जलाकर मारने की कोशिश का आरोप
गंगोह (सहारनपुर)। एक विवाहिता ने अपने ससुरालियों पर बच्चा न होने और दहेज की मांग पूरी न करने पर उसे जिंदा जलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के भाई ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
देवबंद निवासी विवाहिता के भाई ने कहा कि उसकी बहन की शादी मोहल्ला कुरैशियान निवासी युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि उसकी बहन के ससुराल वाले उसे शादी के बाद से ही कम दहेज लाने का ताना देकर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न कर रहे हैं। 21 अक्तूबर की रात करीब 11 बजे ससुराल वालों ने उसकी बहन के साथ मारपीट की तथा बाइक न लाने पर उसके पति की दूसरी शादी करने की भी धमकी दी। उसकी बहन ने इसकी सूचना डायल 100 पुलिस को दी। आरोप है कि सोमवार तडक़े करीब दो बजे ससुराल वालों ने उसकी हत्या करने की नीयत से उसके उपर मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की। शोर सुनकर पहुंचे कुछ लोगों ने उसे बचाया। आसपास के लोगों ने ही फोन कर उन्हें घटना की जानकारी दी। पीड़िता के भाई ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि विवाहिता को मेडिकल के लिए भेजा गया है। जांच की जा रही है।