देवबंद (सहारनपुर)। युवराज एजुकेशनल सोसायटी की उपाध्यक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर एक बैंक के शाखा प्रबंधक, उप प्रबंधक समेत तीन लोगों पर धोखे से सोसायटी खाते के चेक चोरी कर लाखों रुपये निकाले जाने का आरोप लगाया है।
बृहस्पतिवार को खटौली गांव निवासी सोसायटी की उपाध्यक्ष नीशू त्यागी ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि सोसायटी की ओर से बचीटी गांव में एसवीएम मॉडल पब्लिक स्कूल संचालित किया हुआ है। जिसमें निर्माण कार्य कराने के लिए समिति ने एक बैंक में ऋण मंजूर कराने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि इस दौरान बचीटी गांव का एक व्यक्ति उसके पति के पास आया और शाखा प्रबंधक व उप प्रबंधक से अच्छे संबंध होने की बात कहते हुए लोन को मंजूर कराने की बात कही। साथ ही कहा कि इसके लिए स्कूल समिति के खाते में 2 लाख 70 हजार रुपये की मार्जन मनी होना जरूरी है। जिसके बाद उसने उक्त लोगों को बताई गई रकम लाकर दे दी। बताया कि 4 अक्तूबर को लोन मंजूर होने के बाद वह बैंक में पहली किश्त निकालने के लिए गया। आरोप है कि उक्त तीनों लोगों ने टेबिल पर रखी सोसायटी की चेकबुक से दो चेक चुराकर खाते से 3 लाख 20 हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद उसे इसका पता लगा। नीशू त्यागी का आरोप है कि जब वह पति के साथ उक्त लोगों के पास पहुंची तो वह उसे देखते ही गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर मारपीट की गई। नीशू ने उक्त लोगों से पति की जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा करने की गुहार लगाई है। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की है। कोतवाल पंकज कुमार त्यागी का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच आरंभ कर दी गई है।