सहारनपुर। जनकपुरी थाना क्षेत्र के लिंक रोड पर प्रापर्टी के विवाद में जिम का ताला तोड़कर कुछ लोगों ने तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंचे जिम संचालक एवं उसके भाई पर हमला कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
जनकपुरी थाना क्षेत्र के मोहल्ला खान आलमपुरा, बादशाही मस्जिद वाली गली के निवासी परवेज अली खान ने आरोप लगाया कि वह लिंक रोड स्थित शरीफ अहमद की प्रापर्टी पर जिम चलाता है। प्रापर्टी को लेकर शरीफ से कोर्ट में मामला विचाराधीन है। परवेज अली का आरोप है कि रविवार की रात लगभग साढ़े 11 बजे उसे सूचना मिली कि उसकी जिम के ताले तोड़ कब्जा किया जा रहा है। जब वह अपने भाई जावेद खान को साथ लेकर मौके पर पहुंचा तो देखा कि ताले टूटे पड़े थे और शरीफ अहमद का बेटा मोहम्मद आसिफ अपने साथियों शाहनवाज, मुस्तकीम, नदीम के साथ उसकी जिम में घुसकर तोड़फोड़ कर रहा था। रोकने पर दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी दी। जिस पर उसने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने अंदर से जिम को बंद कर लिया। पुलिस ने जिम का शटर खुलवाकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। परवेज अली ने मोहम्मद असिफ, मुस्तकीम, शाहनवाज, नदीम और शरीफ अहमद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। परवेज ने आरोप लगाया है कि शरीफ अहमद ने अपने पुत्र के साथ मिलकर षड्यंत्र करते हुए सामान चोरी करा दिया और तोड़फोड़ की गई। तीन दिन पहले ही उन्हें इस बारे में धमकी दी गई थी कि जिम खाली नहीं किया तो सामान गायब करवा दिया जाएगा।