समद हत्याकांड : फरार आरोपी के घर की कुर्की की तैयारी शुरू
देवबंद (सहारनपुर)। सांपला गांव के प्रापर्टी डीलर अब्दुल समद हत्याकांड में एक आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस ने अदालत से आदेश लेकर उसके घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा कर दिया है।
गौरतलब है कि प्रापर्टी डीलर अब्दुल समद की 22 जून को बाइक सवार बदमाशों ने घर लौटते समय हत्या कर दी थी। समद के पिता अमीर आलम ने भू-माफिया फूल मियां और साजिद समेत कई लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने कुछ दिन बाद घटना का खुलासा करते हुए उत्तराखंड की जेल में बंद एक बदमाश समेत कई आरोपियों को जेल भेजा था। बाद में अमीर आलम ने पुलिस उप महानिरीक्षक से मिलकर देवबंद पुलिस पर भू माफिया फूल मियां से सांठगांठ का आरोप लगाया था। इसके बाद इस केस की विवेचना शामली पुलिस को ट्रांसपर कर दी गई थी। घटना के कुछ दिन बाद पुलिस ने फूल मियां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था जबकि आरोपी साजिद फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी न होने पर पुलिस ने आरोपी साजिद की कुर्की की तैयारी शुरू कर दी।
शाहिद हत्याकांड में पांच दिन बाद भी पुलिस खाली
देवबंद। राज्जुपुर के शाहिद हत्याकांड में पांच दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ है। परिजनों ने एसएसपी से घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। बता दें कि पांच दिन पूर्व बदमाशों ने शाहिद की अपहरण के बाद हत्या कर दी थी। उसका शव गांव के बाहर स्थित जंगल से बरामद हुआ था। लेकिन रिपोर्ट दर्ज होने के पांच दिन बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी। बृहस्पतिवार को शाहिद के परिजनों ने एसएसपी से आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की। कोतवाल पंकज त्यागी ने बताया कि खुलासे को पुलिस की टीमें लगी हैं। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।