एटीएम पिन नंबर पूछकर खाते से उड़ाए 19 हजार रुपये
देवबंद (सहारनपुर)। हैकर ने जड़ौदा जट्ट गांव की महिला के खाते से 19 हजार की नगदी साफ कर दी। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर दी है।
जड़ौदा जट्ट गांव निवासी संजय कुमार की पत्नी संतोष ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वह बंधन बैंक की खाताधारक है और उसने उक्त खाते पर एटीएम कार्ड लिया हुआ है। संतोष के मुताबिक 9 नवंबर की रात में उसके मोबाइल पर कॉल आई। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक का मैनेजर बताते हुए खाता बंद होने की बात कही और उससे एटीएम का पिन नंबर पूछा। अगले दिन उसने बैंक में जाकर पूछताछ की तो पता चला कि ऐसी कोई भी कॉल उसे नहीं की गई। खाते की बाबत जानकारी ली तो पता चला कि उसके खाते से करीब 19 हजार रुपये निकाल लिए गए।
हत्यारे भाई समेत पुलिस ने दो का चालान किया
देवबंद। रणखंडी गांव में मानसिक रूप से कमजोर भाई विपिन की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए मुकुल को पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया। शुक्रवार को पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया था। जबकि उसका साथी गौरव अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। वहीं, पुलिस ने गंगोह के कुंडा गांव निवासी असलम को मंगलौर बस स्टेंड से गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस के मुताबिक असलम गैंगेस्टर में निरुद्ध था।