बेहट। एक महिला ने पांच लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है, कि उसके पति को बंधक बनाकर उनके सामने उसके साथ दुष्कर्म किया गया। दुष्कर्मियों ने मारपीट कर उसकी टांगें तोड़ दी। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर एक अज्ञात समेत पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि वह और उसका पति जैतपुर कलां के जंगल में स्थित एक फार्म पर मेहनत मजदूरी करते है और वहीं पर रहते हैं। आरोप है, कि 23 अप्रैल की रात करीब 12 बजे सत्तार पुत्र वहीद, सलीम, लीलू व एक अज्ञात निवासी गांव शेखपुरा तथा थाना चिलकाना क्षेत्र के पठेड़ गांव निवासी नूरहसन पुत्र सुक्कड़ फार्म पर आए और उसके पति को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की और उसके पति की आंखों के सामने ही सभी ने उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने फार्म पर रहने वाले नौकर इरफान को भी बेरहमी से पीटा और दुष्कर्म करने के बाद उसकी टांगें तोड़ दी। बड़ी मुश्किल फार्म से निकलकर आए। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी एमपी सिंह ने बताया कि दुष्कर्म का आरोप प्रथम दृष्टया गलत है। मामला जमीनी विवाद का है, जिसको लेकर मारपीट हुई है। जांच की जा रही है।