सहारनपुर। खनन और उसके परिवहन से प्रतिबंध हटने की बाट जोह रहे लोगों को दो दिन और इंतजार करना पडे़गा। सोमवार को एनजीटी में खनन और परिवहन को लेकर सुनवाई नहीं हो सकी। अब इस मामले की सुनवाई के लिए 15 नवंबर का तिथि मुकर्रर की गई है।
खनन और उसके परिवहन पर जिले में लगी रोक पर सुनवाई के लिए सोमवार को नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल होनी थी। इसे लेकर जिले भर के लोगों की निगाह एनजीटी में होने वाले फैसले पर लगी हुई थी। विभागीय सूत्रों के अनुसार अब इस मामले की सुनवाई आगामी 15 नवंबर को होगी। बता दें कि जनपद में खनन और उसके परिवहन पर फरवरी 2016 से लगी रोक के चलते तमाम निर्माण कार्य अधूरे पडे़ हैं। जिसके चलते निर्माण कार्य और उससे जुडे़ कारोबार करने वाले व्यापारी, मजदूर और राज मिस्त्री के सामने रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया है। अब 15 नवंबर को एनजीटी में होने वाली सुनवाई पर जनपद वासियों की निगाह लगी है।