हथियारों से लैस आधा दर्जन से ज्यादा बेखौफ बदमाशों ने मंगलवार को तड़के पशु व्यापारियों की गाड़ी में टक्कर मारकर 10 लाख रुपये कैश लूट लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि व्यापारियों की कार पलट गई। व्यापारियों को खौफजदा करने के लिए बदमाशों ने हवाई फायरिंग भी की। बदमाशों के फरार होने के बाद पीड़ित व्यापारी अंबेहटा पुलिस चौकी गए। वहां से सूचना मिलने के बाद सीओ और एसओ मौके पर पहुंचे और जांच की।
गंगोह के मोहल्ला कुरैशियान निवासी मेहरबान पुत्र अब्दुल गफूर, साजिद पुत्र जाजिम व आबिद पुत्र खालिद पशु व्यापारी है। सोमवार की देर रात तीनों लोग सहारनपुर से दस लाख रुपये लेकर सेंट्रो गाड़ी (संख्या यूपी-11 डी 3912) से गंगोह लौट रहे थे। रात करीब ढाई बजे जैसे ही ये लोग गांव टिडौली के पास पहुंचे। तभी पीछे से आई एक स्कारपियो गाड़ी ने सेंट्रो कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सेंट्रो कार अनियंत्रित होकर पलट गई।
सेंट्रो चालक मेहरबान ने बताया कि गाड़ी के पलटते ही स्कारपियो गाड़ी से करीब आठ हथियारबंद बदमाश बाहर निकले तथा मेहरबान, साजिद व आबिद को पास ही एक खेत में ले गये। जहां बदमाशों ने उनकी तमंचों की बटों व लात घूसों से पिटाई की तथा उन्हीं में से कुछ बदमाशों ने सेट्रो गाड़ी में ड्राईवर की सीट के नीचे थैली में रखे दस लाख रुपये निकाल लिए।
लूट की घटना को अंजाम देने के बाद स्कारपियो में सवार होकर फरार हो गए। मेहरबान ने बताया कि बदमाशों ने कई राउंड हवाई फायर भी किए। घटना के बाद मेहरबान अंबेहटा में रहने वाले अपने रिश्तेदारों को लेकर पुलिस चौकी पहुंचा और लूट की सूचना दी।
सीओ हरीप्रकाश कसाना, एसओ यशपाल धामा, चौकी प्रभारी दीपक चौधरी मय फोर्स मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद कर उन्हें जांच के लिए भेज दिया। मेहरबान ने तहरीर पुलिस को दी है। एसओ यशपाल धामा का कहना है कि मामले के कई बिंदु संदिग्धता से घिरे हुए है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
लचर पुलिसिंग से बेखौफ हो रहे बदमाश ः पशु व्यापारियों से हुई लूट के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। 12 घंटे में उस क्षेत्र में दो लूट हो चुकी है। यह क्षेत्र पहले भी संवेदनशील रहा है। बावजूद इसके यहां गश्त नहीं होने से अपराधी लगातार बेखौफ होते जा रहे हैं। यह भी आशंका जताई जा रही है कि कैश ले जाने की मुखबिरी हुई होगी।
कहीं जेल से मुकीम तो नहीं चला रहा गैंग ः जिस अंदाज में लूट की घटना हुई है, वैसी वारदातें कुख्यात मुकीम गैंग करता था। पशु और मीट कारोबारी उसके निशाने पर रहते थे और टक्कर मारकर वारदात को अंजाम देना उसकी स्टाइल का हिस्सा था। उसी तर्ज पर हुई लूट मुकीम गैंग की ओर इशारा कर रहा है। इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता कि जेल में बंद मुकीम अपने गिरोह को वहां से संचालित करने में जुट रहा हो।
कार सवार किसान से 20 हजार लूटे
गंगोह। कार सवार किसानों से तीन बदमाशों ने मारपीट करते हुए 20 हजार रुपये लूट लिए। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया। गांव कुंडा खुर्द निवासी इस्तखार पुत्र अकबर अली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार दोपहर वह जनपद शामली के गांव बढ़ी से लौट रहा था।
गांव से आधा किलोमीटर पहले तीन बदमाशों ने हथियारों के बल पर जबरन उसकी कार को रोक लिया। बदमाशों ने उसे कार से बाहर खींच लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसमें वह घायल हो गया। विरोध करने पर उस पर जान से मारने की नीयत से चाकू से वार किया गया।
शोर मचाने पर कुछ लोगों को आते देख हमलावर उसकी जेब मे रखी लगभग 20 हजार की नकदी लूट कर फरार हो गए। पीड़ित ने गांव निवासी तीन युवकों को पहचानने का दावा करते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।