सरसावा (सहारनपुर)। राजकीय मेडिकल कॉलेज को एक बार फिर से कोविड वार्ड बनाने का आदेश शासन के द्वारा दिया गया है। इसके पश्चात राजकीय मेडिकल कॉलेज में आपातकालीन वार्ड के समीप 30 बेड का कोविड वार्ड तैयार किया गया है।
रविवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुशील शर्मा ने बताया कि कोरोना काल समाप्त होने के पश्चात शासन के आदेशानुसार मेडिकल कॉलेज में संचालित अस्पताल सामान्य स्थिति की तरह काम कर रहा था परंतु इसी सप्ताह शासन द्वारा देश में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज को पुन: कोरोना वार्ड तैयार करने के लिए निर्देशित किया गया है। इसके पश्चात आपातकालीन वार्ड के समीप 30 बेड का कोरोना वार्ड तैयार कर दिया गया है। इसके साथ ही वरिष्ठ तथा कनिष्ठ चिकित्सकों, पैरा मेडिकल स्टाफ तथा महिला चिकित्सक की एक टीम भी तैनात कर दी गई है जो रोस्टर के अनुसार कार्य करेगी। महिला चिकित्सक की तैनाती इस कारण की गई कि यदि कोई गर्भवती महिला कोरोना संक्रमण के कारण भर्ती हो तो उसका सुरक्षित प्रसव कराया जा सके। इसके साथ ही कोविड हेल्प डेस्क को भी सक्रिय कर दिया गया है तथा वेंटिलेटर, ऑक्सीजन प्लांट आदि पूरी तरह से क्रियाशील है।
चिकित्सा अधीक्षक अधीक्षक डॉ. सुशील शर्मा ने बताया कि अभी तक कोरोना संक्रमित कोई मरीज भर्ती नहीं है लेकिन मेडिकल कॉलेज प्रशासन अपने स्तर पर पूरी तरह तैयार है।