- कोरोना की तीसरी लहर में जनपद में अभी तक 1089 मरीज मिल चुके हैं, वर्तमान में 987 एक्टिव मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। कोरोना संक्रमित महिला की शेखुल हिंद मौलाना महमूद हसन मेडिकल कॉलेज पिलखनी में मौत हो गई। महिला की मौत को लेकर चिकित्सा अधिकारियों के अलग-अलग बयान आए हैं। उधर, जनपद में बुधवार को 188 नए कोरोना संक्रमित भी मिले हैं। इनके साथ ही जनपद में तीसरी लहर में मिले कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा एक हजार को पार कर 1089 पर पहुंच गया है। वर्तमान में जनपद में 987 एक्टिव मरीज हैं।
शामली जनपद के जलालाबाद स्थित गांव अंबेहटा याकूबपुर निवासी महिला गर्भवती थी, जिसका इलाज नगर की एक महिला डॉक्टर के यहां चल रहा था। दस जनवरी को वह प्रसव के लिए अपनी डॉक्टर के पास पहुंची थी। डॉक्टर को गर्भवती में कोरोना के लक्षण नजर आए, जिसके बाद डॉक्टर ने उसे जिला महिला अस्पताल जाने की सलाह दी। जिला महिला अस्पताल में प्रसव से पहले गर्भवती की कोरोना जांच कराई गई, जिसमें वह पॉजिटिव आई। इसके बाद गर्भवती को प्रसव के लिए शेखुल हिंद मौलाना महमूद हसन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां मंगलवार को ऑपरेशन से महिला ने बच्ची को जन्म दिया। मंगलवार की शाम तक महिला की हालत बिगड़ती चली गई। रात में सांस लेने में तकलीफ के चलते महिला को वेंटीलेटर पर भी रखा गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। बुधवार की सुबह चार बजे महिला ने दम तोड़ दिया।
उधर, बुधवार को जनपद में 188 नए कोरोना संक्रमित मिले। इनमें सीएचसी सुन्हेटी खड़खड़ी का एक डॉक्टर भी शामिल है। संक्रमितों में डिस्ट्रिक्ट कोर्ट परिसर के पांच लोग, राजकीय मेडिकल कॉलेज के आठ लोग, एयर फोर्स स्टेशन परिसर के पांच लोग, ऑफिसर कॉलोनी का एक व्यक्ति, जीआरपी के तीन, थाना चिलकाना के दो लोग शामिल, जिला महिला अस्पताल के दो लोग शामिल हैं। इनके अलावा रेलवे कॉलोनी, लेबर कॉलोनी, हनुमान चौक, इस्लामपुर, अहमदपुर हरडेकी, रेलवे स्टेशन, सरसावा, कंजौली, नवीन नगर, सोफिया स्कूल, एसडी इंटर कॉलेज, मक्खन कॉलोनी, बेहड़ी, बलियाखेड़ी, बेरीजमा, शिवपुरी, नाजिरपुरा, रामपुर मनिहारान, जंधेड़ा, साखन कलां, मुकंदपुर, प्रेम वाटिका, मल्हीपुर, रसूलपुर, कृष्ण कुंज मोरगंज, ज्वाला नगर, अर्पित विहार, गिल कॉलोनी, लाखनौर, एआरसी सरसावा, सौराना, गदरहेड़ी, आवास विकास, मिशन कंपाउंड, साउथ सिटी, बेहट, विशाल विहार, राजविहार, कोर्ट रोड, कुलतार सिंह नगर, प्रद्युमननगर, मिरगपुर, कायस्थवाड़ा देवबंद, कपिल विहार, माही कोटा, माधोनगर, गोपाल नगर, कृष्ण नगर, बलियाखेड़ी, शंकरपुरी कॉलोनी आदि जगहों पर भी कोरोना के मरीज मिले हैं।
------
संक्रमितों में पांच बच्चे शामिल
बुधवार को मिले 188 संक्रमितों में पांच बच्चे भी शामिल हैं। शेष सभी 13 वर्ष से अधिक आयु के हैं, जिनमें 70 फीसदी युवा हैं, जिनकी उम्र 18 से 40 साल के बीच है। इसके अलावा संक्रमितों में 135 शहर के रहने वाले हैं, जबकि शेष देहात के हैं। यानी देहात में भी संक्रमण तेजी से फैल रहा है।
------
वर्जन---
शामली का है मामला : शिवांका
नोडल अधिकारी शिवांका गौड़ का कहना है कि जिस महिला की मौत हुई है वह शामली की रहने वाली है। ऐसे में उसकी मौत सहारनपुर में नहीं गिनी जाएगी।
------
कोरोना से हुई मौत : प्राचार्य
शेखुल हिंद मौलाना महमूद हसन मेडिकल कॉलेज पिलखनी के प्राचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी ने बताया कि महिला की मौत कोरोना की वजह से हुई है। महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव थी। ऑपरेशन के बाद कोरोना की ही वजह से उसकी तबीयत बिगड़ती चली गई। डॉक्टरों ने वेंटीलेटर पर भी रखा। तमाम प्रयास किए, लेकिन महिला को नहीं बचा पाए।