सहारनपुर। दिल्ली रोड स्थित पैरामाउंट ट्यूलिप रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएट ने सहारनपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष को शिकायती पत्र भेजा, जिसमें आरोप लगाया कि पैरामाउंट ट्यूलिप को विकसित करने वाली कंपनी ने अनेक कार्य अधूरे छोड़ दिए हैं। इससे यहां के निवासियों को कठिनाई हो रही है।
संस्था के अध्यक्ष एवं हिंदू युवा वाहिनी के महानगर संगठन महामंत्री सुनील सूरी ने बताया कि पैरामाउंट प्रॉबिल्ड द्वारा 2005 में यह इंटीग्रेटेड टाउनशिप विकसित की गई थी, जिसमें प्लाट खरीदने वालों से 50 रुपये प्रति वर्ग गज का चार्ज आईएफएमएस के रूप में लिया था, जो आने वाले समय में आरडब्ल्यूए को हैंडओवर करना था, लेकिन आज तक नहीं किया। इसके अलावा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण तो कराया, लेकिन वह आज तक सही कार्य नहीं कर रहा, साथ ही रेलवे की जमीन पर रास्ता दिखकर प्लाट बेच दिए गए, जिस कारण अब प्राधिकरण से नक्शे पास नहीं किए जा रहे हैं, इससे निवेश करने वालों के साथ धोखा हुआ है। पार्कों की चहारदीवारी भी नहीं कराई गई और रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी नहीं लगवाया। मांग है कि टाउनशिप विकसित करने वाली कंपनी के खिलाफ कार्रवाई कराई जाए और कॉलोनीवासियों को सुविधाएं दिलाई जाएं।