नगीना। सोमवार की सुबह थाना भ्रमण पर आई दयानंद वैदिक कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं को पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ. अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने निडरता व अनुशासन का पाठ पढ़ाया। उन्होंने छात्राओं से अपने मन में किसी प्रकार की भी दुविधा न रखने व अपनी बात बेहिचक होकर परिजनों व पुलिस से बताने की भी सीख दी।
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित थाना भ्रमण कार्यक्रम के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी ने कॉलेज की छात्राओं से शिक्षक की भूमिका में बात की। उन्होंने एक-एक करके मौजूद छात्राओं से उनके कॅरिअर के बारे में भी कई सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि शासन ने आपकी सुरक्षा के लिए कई सहायता नंबर जारी कर रखे हैं, जिसकी मदद किसी भी समय ली जा सकती है। उन्होंने बताया कि छात्राओं व महिलाओं द्वारा अपनी किसी भी परेशानी को पुलिस से साझा करने पर उनका नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाता है।
उन्होंने बताया कि महिलाओं की सहायता के लिए प्रत्येक थाने में महिला डेस्क की स्थापना हो चुकी है, जहां पर महिलाओं की कोई भी समस्या सुनने के लिए खुद महिला पुलिस कर्मचारी मौजूद रहती हैं। उन्होंने छात्राओं से अपने अधिकारों के प्रति सचेत रहने तथा मोबाइल का दुरुपयोग न करने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि अनजान नंबर को बिल्कुल भी अटेंड न करें तथा फेसबुक व व्हाट्सएप पर अनजान व्यक्ति के मैसेज का कोई जवाब न दें। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति किसी महिला व छात्रा को परेशान करता है तो बेहिचक होकर पुलिस की सहायता लेनी चाहिए। सीओ ने कहा कि पुलिस आपकी सेवा में 24 घंटे तत्पर है। जगह-जगह सुरक्षा की दृष्टि से कैमरे लगाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि आप निडरता के साथ दिन व रात में कहीं भी जाए,पुलिस आप की सुरक्षा के लिए हर जगह मुस्तैद है। इस मौके पर थाना अध्यक्ष अवनीत मान, महिला दरोगा सपना तोमर, शुक्रमपाल सिंह, शेख जमशेद, शिक्षिका राजमणि, अवंतिका आदि मौजूद रहे।