सीएनजी पंप तो हैं पर नहीं हो रहा वाहनों का पंजीकरण
सहारनपुर। जिले में सीएनजी फिलिंग सेंटर तो शुरू हो गए, लेकिन सीएनजी किट लगवाने वाले वाहनों का पंजीकरण नहीं हो पा रहा है। पेट्रोल और डीजल की महंगाई के कारण लोग अपने वाहनों को सीएनजी में परिवर्तित कराना चाहते हैं, लेकिन पंजीकरण नहीं होने से दुविधा बनी हुई है। वहीं, परिवहन विभाग का कहना है कि जल्दी ही सीएनजी के वाहनों का पंजीकरण शुरू कराया जाएगा।
मुजफ्फरनगर में करीब डेढ़ साल से सीएनजी फिलिंग सेंटर चल रहे हैं तो सहारनपुर जिले में चार महीना पहले ही यह सुविधा शुरू हुई। चूंकि पेट्रोल और डीजल का दाम बहुत ज्यादा हो गया, जबकि सीएनजी का दाम अभी करीब 65 रुपये प्रति किलो है। वहीं, पेट्रोल और डीजल के मुकाबले सीएनजी से वाहन चलाने से प्रदूषण भी नहीं फैलता है। इन तमाम पहलुओं को देखते हुए लोग अपने निजी वाहनों को सीएनजी में परिवर्तित कराना चाहते हैं।
शहर के रहने वाले मयंक सिंह, राजेश और विक्की का कहना है कि शामली और मुजफ्फरनगर में पहले ही इन वाहनों का पंजीकरण हो रहा है, लेकिन सहारनपुर में नहीं किया जा रहा है। यदि सीएनजी के वाहनों का पंजीकरण भी शुरू हो जाए तो उससे काफी लाभ मिलेगा। उनकी मांग है कि सीएनजी के चार पहिया वाहनों के साथ ही दो पहिया और तीन पहिया वाहनों के भी पंजीकरण की सुविधा मिलनी चाहिए।
जल्द शुरू होंगे पंजीकरण: मिश्रा
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) आरपी मिश्रा ने बताया कि अभी मंडल के तीनों जिलों में सीएनजी फिटमेंट सेंटर नहीं है। सीएनजी वाले नए वाहनों का पंजीकरण हो रहा है, लेकिन जो लोग अपने वाहन में सीएनजी गैस किट अलग से लगवा रहे हैं, उसके लिए फिटमेंट सेंटर होना जरूरी है। जल्दी ही पंजीकरण की सुविधा दी जाएगी, जिसके लिए किसी भी फिटमेंट सेंटर की रिपोर्ट मान्य होगी।