सहारनपुर के देवबंद नगर क्षेत्र में डेंगू, मलेरिया, टायफाइड और वायरल बुखार के महामारी का रूप लेने और तीन दर्जन से अधिक मौतें हो जाने से फैले खौफ और बीमारियों को कंट्रोल करने को लेकर बैठक का आयोजन हुआ।
जिसमें सीएमओ समेत अधिकारियों और चिकित्सकों आदि ने हिस्सा लिया। इस दौरान सीएमओ ने देवबंद क्षेत्र में बुखार से हुई मौतों पर दिए बयान के लिए माफी भी मांगी।
ईदगाह मार्ग स्थित शेखुल हिंद हॉल में आयोजित बैठक में एडीएम (वित्त) डा. हरीश चंद्रा, सीएमओ डा. सईद, पालिका के ईओ के अलावा चिकित्सकों, पैथोलॉजी लैब के संचालक, अधिवक्ताओं, राजनैतिक और सामाजिक संगठनों के लोगों ने हिस्सा लिया।
डा. हरीश चंद्रा ने देवबंद में फैलने वाली बीमारियों और उनसे होने वाली मौतों पर दुख जताया। सीएमओ मो. सईद ने कहा कि वह हर दिन देवबंद आ रहे हैं और हालात का जायजा ले रहे हैं।
सीएमओ ने पूर्व में देवबंद क्षेत्र में लोगों की मौतों के संबंध में दिए बयान पर माफी मांगी। स्टॉफ की कमी होने के बावजूद देवबंद क्षेत्र में 16 टीमें काम कर रही हैं।
बैठक में हिंदू मुस्लिम भाईचारा समिति के संरक्षक मौलाना हसीब सिद्दीकी ने 14 सूत्रीय मांग पत्र एडीएम (वित्त) के द्वारा डीएम को प्रेषित किया। जिसमें कहा गया कि पंफलेट और पोस्टरों के माध्यम से लोगों को बीमारियों से बचाव के तरीके बताए जाएं।
साथ ही पालिका के ईओ और एसडीएम को आदेशित किया जाए कि वह देवबंद के प्रत्येक वार्ड में सफाई मुहिम चलाए जिसकी निगरानी स्वयं एसडीएम करें और प्रतिदिन इसकी रिपोर्ट डीएम को दी जाए।
डीएम और स्वास्थ्य विभाग देवबंद में पैथोलॉजी लैब संचालकों से मीटिंग कर टेस्ट करने की एक रेट लिस्ट लैबों के बाहर लगाई जाए। इसके अलावा सीएचसी में दवाईयों का अधिक स्टॉक रखने का प्रबंध भी किया जाए।
अध्यक्षता हसीब सिद्दीकी और संचालन सलीम कुरैशी ने किया। इस मौके पर डा. वीके मिश्रा, मलेरिया इंचार्ज डा. ओपी सिंह, नीता, मजाहिर हसन, डा. एसए अजीज, असद जमाल फैजी, दीपक तायल, विवेक तायल, मंसूर खान, डा. अजीम खां, राजेश सिंघल, अंशुल वर्मा, शुभम राज सिंघल, गौहर नबी, वजाहत शाह, मंसूर खां, चौ. शमशाद जंग, मुकीम अब्बासी, फैजी सिद्दीकी, अब्दुल्ला राज, डा. नदीमुल इस्लाम, कलीम कुरैशी, गुलाम रसूल आदि मौजूद रहे।