मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार 19 जनवरी को सहारनपुर आ सकते हैं। चर्चा है कि वह बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए जनपद में कोरोना से निपटने की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर कलक्ट्रेट, नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में हलचल है। ऐसे में निगम और अस्पताल में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना शुरू कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री के 19 जनवरी को सहारनपुर आने का कोई अधिकारिक कार्यक्रम अभी तक नहीं आया है, लेकिन सोमवार को कलक्ट्रेट से लेकर, नगर निगम और जिला अस्पताल व जिला महिला अस्पताल तक में चर्चा जोरों पर रही। कई जिम्मेदार अधिकारी भी मुख्यमंत्री के आगमन की हामी भर रहे हैं।
उधर, अपर मुख्य सचिव द्वारा चार दिन पहले किए गए दौरे को भी मुख्यमंत्री के दौरे से जोड़कर देखा जा रहा है। गौरतलब है कि अपर मुख्य सचिव और सहारनपुर के नोडल अधिकारी डॉ. रजनीश दूबे चार दिन पहले सहारनपुर पहुंचे थे। वह भी कोरोना से निपटने की तैयारियां देखने के लिए आए थे। उन्होंने जिला महिला अस्पताल में बने 50 बेड के पीआईसीयू, ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट और एसबीडी जिला अस्पताल का दौरा किया था।
यह भी पढ़ें: यूपी चुनाव: सपा-रालोद गठबंधन ने मेरठ दक्षिण सीट से आदिल चौधरी को बनाया प्रत्याशी, अभी सिवालखास पर फंसा है पेंच
इसके बाद उन्होंने नगर निगम परिसर स्थित आईसीसीसी के भवन में बने कोविड कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया था। अंत में वह शेखुल हिन्द मौलाना महमूद हसन राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी पहुंचे थे। उन्होंने चार से पांच दिन में तमाम खामियां दूर कर लेने के निर्देश अधिकारियों को दिए थे।
यह भी पढ़ें: चुनाव से पहले पकड़ा अवैध हथियारों का जखीरा: एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार, बंद पड़े ईंट भठ्ठे पर चल रही थी फैक्टरी
उधर, जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के 19 जनवरी को सहारनपुर आने की चर्चा है, लेकिन अभी तक अधिकारिक कार्यक्रम नहीं आया है। मंगलवार तक ही स्थिति स्प्ष्ट हो सकेगी।