संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन योजना के लाभार्थियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संवाद किया। साथ ही पेंशनर्स के खाते में तीन महीने की धनराशि हस्तांतरित की गई है।
एनआईसी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जनपद के पेंशनर्स बात की। मुख्यमंत्री ने विधवा पेंशन की लाभार्थी रविता पत्नी स्वर्गीय अरविंद, ग्राम ताल्हापुर, विकास खंड मुजफ्फराबाद, रजनी अरोड़ा पत्नी स्वर्गीय विकास अरोड़ा, निवासी गऊशाला रोड और दिव्यांगजन पेंशन योजना के लाभार्थी रूपेश कुमार, निवासी अनंतमऊ, विकास खंड नानौता से संवाद किया। उन्होंने सरकार द्वारा दी जा रही सहायता एवं अन्य सुविधाओं के विषय में जानकारी ली। जनपद में निराश्रित महिला पेंशन के 56 हजार 687 लाभार्थी, दिव्यांग पेंशन के 16 हजार 461 लाभार्थी तथा वृद्धावस्था पेंशन के 93 हजार 002 लाभार्थी हैं। बढ़ी हुई दर के आधार पर तीन माह की धनराशि (3000 रुपये) सभी लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की गई। इस दौरान आयुष मंत्री डॉ. धर्मसिंह सैनी, विधायक देवेंद्र निम, मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार, जिला प्राबेशन अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी अर्चना एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी पारिशा मिश्रा समेत सभी पेंशन योजनाओं के 15 लाभार्थी उपस्थित रहे।