दुर्घटनाग्रस्त कार को खाई से बाहर निकालती क्रेन
- फोटो : SAHARANPUR
तीतरो (सहारनपुर)। कोहरे के कारण दृश्यता कम होने के चलते घुमावदार पुलिया पर कार नाले में जा गिरी। दुर्घटना में कार सवार दो लोग घायल हो गए। राहगीरों ने कार सवार घायलों को बमुश्किल बाहर निकाल कर उपचार के लिए अस्पताल भर्ती कराया।
बृहस्पतिवार की सुबह तीतरो स्थित कच्ची गढ़ी मार्ग पर बनी घुमावदार मखरज की पुलिया घने कोहरे के कारण कार सवारों को दिखाई नहीं दी। इस कारण कार सीधी नाले में जा गिरी। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने दुर्घटनाग्रस्त कार को देखकर तीतरो पुलिस को हादसे की सूचना दी। इसके बाद घायलों को कार से बाहर निकाल कर स्वास्थ्य केन्द्र पर उपचार के लिए भेजा। इसके बाद क्रेन की मदद से कार को बाहर निकलवाया गया। कार में शामली की तहसील ऊन के रहने वाले दो लोग सवार थे। बता दें कि कच्ची गढी मार्ग पर मखरज की पुलिया हादसे की वजह बनी है। इससे पहले भी यह पुलिया कई दुर्घटनाओं का कारण बन चुकी है। बरसाती नाले के ऊपर बनी यह पुलिया खतरनाक ढंग से मोड़ लिए हुए है।
चौ.राजकुमार सिंह, भूपेन्द्र सिंह, ओमबीर सिंह, राजू, देवराज आदि का कहना है कि कई बार सिचाई विभाग के अधिकारियों को इसके किनारों पर दीवार का निर्माण और यहां दुर्घटना संकेत के चिन्ह लगाने की मांग की गई लेकिन उनकी उदासीनता के चलते इस पर कोई कार्य नहीं किया गया।