खाई में गिरी कार को देखती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर के बिहारीगढ़ में देहरादून हाईवे पर शिवालिक पहाड़ियों में शुक्रवार की सुबह तेज रफ्तार इनोवा मोड़ पर अनियंत्रित होकर 70 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में एक ही परिवार के तीन बच्चों समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को निकाल कर देहरादून के महंत इंद्रेश अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के दौरान मां और बेटी की मौत हो गई।
दिल्ली के संगम विहार निवासी परिवार के छह सदस्य शुक्रवार की सुबह इनोवा कार से देहरादून जा रहे थे। सुबह सात बजे बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र में छुटमलपुर-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोहंड से दो किमी आगे लाल पुल से पहले एक तेज मोड़ पर चालक स्टेयरिंग से नियंत्रण खो बैठा और कार 70 फीट गहरी खाई में नीचे जा गिरी।
हादसे में कार सवार 35 वर्षीय आशु पुत्र नेत्रपाल, उसकी पत्नी 30 वर्षीय स्मिता, आठ वर्षीय बेटी धानी, छह वर्षीय बेटा भव्य, उसके 55 वर्षीय पिता नेत्रपाल और परिवार का ही आठ वर्षीय शुभम पुत्र शशांक गंभीर रूप से घायल हो गए।
अन्य वाहन चालकों ने इसकी सूचना मोहंड चौकी पर पुलिस को दी। पुलिस ने वहां पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और देहरादून के महंत इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान स्मिता और उसकी बेटी धानी की मौत हो गई।
जबकि चार अन्य की हालत नाजुक बताई गई है। एसओ पीयूष दीक्षित ने बताया कि देर शाम तक थाने में कोई तहरीर नहीं आई थी। कार आशु चला रहा था। पीड़ित परिवार के रिश्तेदारों को सूचना दी गई थी, वे अस्पताल चले गए हैं।