सहारनपुर। सहकारी गन्ना विकास समितियाें के चुनाव में बृहस्पतिवार (आज) को संचालक पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। प्रत्येक समिति में 11-11 संचालक चुने जाने हैं।
सहकारी गन्ना विकास समितियों में डेलीगेट चुने जाने के बाद संचालक पदों पर जीत हासिल करने के लिए राजनीतिक दलों ने जोड़-तोड़ शुरू कर दिया है। जनपद में सहारनपुर, देवबंद, सरसावा और बेहट में सहकारी गन्ना विकास समितियां हैं। इन सभी समितियों के 1399 मतदाता 44 संचालकों का चुनाव करेंगे। 11 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और नाम वापसी एवं चुनाव चिन्ह आवंटन 14 अक्तूबर को होगा। मतदान एवं मतगणना 16 अक्तूबर को होगी। 17 अक्तूबर से सभापति एवं उपसभापति के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसी दिन अंतिम मतदाता सूची का प्रदर्शन, आपत्तियों का निस्तारण, नामांकन और मतदान एवं मतगणना भी होगी। शाम तक चुनाव परिणाम घोषित हो जाएंगे। इसके अलावा बृहस्पतिवार को ही सहकारी चीनी मिल समिति में मतदाता सूची पर आई आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रदर्शन होगा। यहां संचालक पदों के लिए नामांकन 11 अक्तूबर को होगा। जनपद में सहकारी चीनी मिल समिति सरसावा और नानौता हैं।