सहारनपुर में यदि कोई प्रत्याशी शादी, बर्थ डे पार्टी या अन्य समारोह में जाकर प्रचार करता है तो भी उसकी वीडियोग्राफी कर रिपोर्टिंग की जाएगी।
शुक्रवार को विकास भवन सभागार में प्रत्याशियों के चुनावी खर्च को लेकर हुई बैठक में व्यय प्रेक्षक दौलत कुमार ने कहा कि सभी आरओ, एआरओ और स्टेटिक्स सर्विस टीमों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
व्यय की बारीकियां समझा दी गई हैं। जो व्यय प्रपत्र भरने हैं, उनको रजिस्टरों में अंकन करना जरूरी है। उम्मीदवारों द्वारा 28 लाख रुपये तक ही व्यय किया जाए। उन्होंने सघन जांच कर व्यय का विवरण तैयार करने को कहा।
इस कार्य में लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध निर्वाचन आयोग की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई करने की चेतावनी दी। व्यय प्रेक्षक जीवन कोपीकर राव बचाव ने कहा कि यदि कोई प्रत्याशी किसी शादी समारोह में जाकर प्रचार करता है तो उसकी वीडियोग्राफी कराई जाए।
जो शिकायतें कंट्रोल रूम में प्राप्त होंगी, उनपर गंभीरता से कार्रवाई का जाए। समाचार पत्रों, न्यूज चैनलों में विज्ञापन और पेड न्यूज के माध्यम से प्रत्याशियों द्वारा प्रचार-प्रसार कराया जाता है। उसकी भी रिपोर्ट तैयार की जाए।
एडीएम वित्त एवं राजस्व हरीशचंद्र ने प्रेक्षकों को बताया कि सभी को ट्रेनिंग दी जा चुकी है। आश्वासन दिया कि तमाम अधिकारी निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करेंगे।