मालिन बस्ती में फोगिंग करती निगम का वाहन
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। शहर में संचारी रोगों पर अंकुश के लिए नगर निगम ने विशेष प्लान तैयार किया है। इसके तहत मलिन बस्तियों में विशेष सफाई, जलभराव वाले गड्ढों को भरने, एंटीलार्वा का छिड़काव और फॉगिंग की जाएगी। अभियान की शुरूआत शनिवार से कर दी गई है।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुनाल जैन ने बताया कि नगरायुक्त के निर्देश पर पहले से रोस्टर के अनुसार अभियान चलाया जाता रहा है। लगातार सभी 70 वार्डों में एंटीलार्वा का छिड़काव और फॉगिंग चल रही है। अब चूंकि संचारी रोग बढ़ रहे हैं। ऐसे में नगरायुक्त ने डेंगू और मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों खासकर मलिन बस्तियों के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत टीमें बस्तियों में जाकर जलभराव वाली जगहों को चिह्नित कर जलभराव की समस्या को खत्म कराएंगी। विशेष रूप से गली गली की सफाई की जाएगी। इसके अलावा नियमित रूप से एंटीलार्वा का छिड़काव और फॉगिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि नगर निगम ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हुए हैं। यदि किसी बस्ती या कॉलोनी में जलभराव, गंदगी और मच्छरों की समस्या है तो वह हेल्पलाइन नंबरों पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। निगम की टीम तुरंत समस्या का समाधान करेगी।