बेरखेडी मुसलमान में उत्तराखंड सरकार के विधायक व प्रदेशाध्यक्ष का पुतला फुंकते ग्रामीण
- फोटो : SAHARANPUR
तीतरो (सहारनपुर)। चार साल पहले रुड़की में चाचा भतीजे की हत्या के प्रकरण में सरकार द्वारा घोषणा के बाद भी सहायता राशि ने देने से खफा ग्रामीणों ने उत्तराखंड के मंत्री और विधायक का पुतला फूंक कर अपना विरोध दर्ज कराया।
बता दें कि नगर निगम रुड़की में तैनात मेघराज और उसके भतीजे इंद्र सैनी की वर्ष 2017 में चौकीदारी के दौरान बदमाशों ने हत्या कर दी थी। उस वक्त सैनी समाज के विरोध के बाद सरकार ने पीड़ित परिवार को सरकारी राहत कोष से ढाई ढाई लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने की घोषणा की थी। आरोप है कि चार साल बाद भी उक्त सहायता मृतकों के आश्रितों को नहीं मिल सकी है। पीड़ित परिवार उत्तराखंड विधानसभा के चक्कर लगा कर थक चुके हैं।
रविवार को इस मुद्दे को लेकर तीतरो क्षेत्र के ग्राम बेर खेड़ी मुसलमान में सैनी समाज के लोगों लखपत राय सैनी, प्रवीण सैनी, संजीव सैनी, राजपाल सैनी, विपिन सैनी, राजपाल सैनी, इसम सिंह सैनी, टीटू आदि ने उत्तराखंड सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वहां के विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष का पुतले फूंकते हुए पीड़ितों को आर्थिक सहायता की मांग की।