नानौता में घटना के बाद सीएचसी पर जुटी भीड़ और पुलिस
- फोटो : SAHARANPUR
नानौता (सहारनपुर)। नगर के दिल्ली यमुनोत्री हाईवे पर शुक्रवार की दुपहर बाइक सवार हमलावरों ने पुलिस चेक पोस्ट से मात्र सौ मीटर की दूरी पर बीएसएफ जवान और उसके बेटे सहित तीन लोगों पर चाकू से हमला कर गंभीर घायल कर दिया। सरे राह इस वारदात से हड़कंप मच गया। वारदात को अंजाम दे हमलावर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पर पहुंचाया जहां से गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेज दिया गया।
थाना क्षेत्र के गांव तिलफरा ऐनाबाद निवासी शिवम पुंडीर नगर के एक सीबीएसई स्कूल में ग्यारहवीं का छात्र है। बताया जाता है कि शिवम शुक्रवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे अपने पिता बीएसएफ के जवान शिवनाथ पुंडीर व गांव के ही पड़ोसी युवक निशांत पुत्र मुकेश राणा के साथ नगर में दिल्ली रोड पर स्टेट बैंक के बराबर में स्थित दुकान पर सामान खरीदने के लिए गए थे। इसी दौरान तीन बाइकों पर सवार होकर पहुंचे छह युवकों ने उन पर चाकू और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर नीचे गिर पड़े। वारदात को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए। दिनदहाड़े हमले की घटना से मौके पर अफरा तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों द्वारा तीनों को सीएचसी पहुंचाया गया। जहां पीड़ितों के परिजन और पुलिस भी पहुंच गई।
सीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने के चलते तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां पर शिवनाथ पुंडीर व निशांत की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस मामले में पीड़ित पक्ष के सुभाष पुत्र रणजीत सिंह निवासी गांव तिलफरा ऐनाबाद द्वारा थाने पर छह हमलावरों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। उधर, थानाध्यक्ष चंद्रसेन सैनी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
छात्र गुटों के बीच चल रही छींटाकशी बनी संघर्ष की वजह
हमले की वजह शिवम की पिछले एक साल से कुछ युवकों के साथ लगातार हो रही कहासुनी को माना जा रहा है। शिवम नगर के एक सीबीएससी स्कूल में कक्षा 11वीं का छात्र है। कई बार इनमें विवाद हो चुका है। हमले में घायल हुए शिवनाथ पुंडीर त्रिपुरा में बीएसएफ में कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं जो गत 13 फरवरी को छुट्टी पर गांव आए थे। उन्हें छह 6 मार्च को उनको ड्यूटी पर वापस जाना है।
हमले में घायल को अस्पताल ले जाते लोग- फोटो : SAHARANPUR
एंबुलेंस में लेटा हमले में घायल युवक- फोटो : SAHARANPUR