सहारनपुर। मां शाकंभरी विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों में परास्नातक यानी स्नातकोत्तर स्तर पर नई शिक्षा नीति 2020 लागू करने की तैयारी तेज कर दी गई है। नई शिक्षा नीति लागू करने तथा अबेकस-उत्तर प्रदेश पोर्टल के संबंध में आज पूर्वाह्न 11 बजे मुजफ्फरनगर के श्रीराम कॉलेज में कार्यशाला होगी। इसमें विशेषज्ञ नई शिक्षा नीति पर बात रखेंगे।
कुल सचिव वीरेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि कुलपति के निर्देश पर कार्यशाला बुलाई गई है। इसमें कुमारी मायावती राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय बादलपुर गौतमबुद्ध नगर के एसोसिएट प्रोफेसर तथा उत्तर प्रदेश एनईपी-2020 राज्य स्टीयरिंग कमेटी के सदस्य डॉ. दिनेश चंद शर्मा मुख्य वक्ता होंगे। कार्यशाला में मां शाकंभरी देवी विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों के प्रतिनिधियों का प्रतिभाग करना अनिवार्य किया गया है। इसके लिए सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों से नई शिक्षा नीति 2020 को लेकर अपने यहां से नामित संयोजक या किसी भी सदस्य को भेजने के लिए कहा गया है।