मुजफ्फराबाद में काकोरी कांड के शहीदों को श्रद्वांजलि देते कर्मचारी
- फोटो : SAHARANPUR
छुटमलपुर (सहारनपुर)। सोमवार को मुजफ्फराबाद ब्लाक मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में चौरी चौरा शताब्दी समारोह के तहत काकोरी ट्रेन कांड के शहीदों को शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।
ब्लाक मुजफ्फराबाद परिसर में स्थित शहीद स्मारक पर प्रभारी बीडीओ मनीष दत्त की अगुवाई में कर्मचारियों ने शहीदों को नमन किया। मनीष दत्त ने बताया 15 अगस्त 2021 से 15 अगस्त 2022 तक अमृत महोत्सव के रूप में चौरी-चौरा शताब्दी समारोह मनाया जा रहा है। कारगिल विजय दिवस भी इसी का हिस्सा है। जेई एमआई अर्जुन सिंह पुंडीर ने कर्मचारियों से अपील की कि वह अपने कार्य क्षेत्र में ईमानदारी से कर्तव्य का निर्वहन कर 25 वर्ष की उस कार्ययोजना को मूर्त रूप दें, ताकि वर्ष 2047 में एक भारत, श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना साकार हो सके।
दानिश सिद्दीकी ने कहा कि देश की स्वतंत्रता आंदोलन के नायक राम प्रसाद बिस्मिल, राजेंद्र नाथ लाहिड़ी, चंद्रशेखर आजाद, रोशन सिंह, अशफाक उल्लाह खां आदि क्रांतिकारियों के जीवन का लक्ष्य ही देश की स्वाधीनता थी। उस समय जब भारत की जनता के पैसे का इस्तेमाल भारतीयों के दमन के लिए किया जा रहा था, तब आजादी के इन मतवालों ने काकोरी कांड को अंजाम देकर अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी थी।
इसमें वैदिक इंटर कॉलेज के छात्र व शिक्षकों ने शहीदों की याद में रैली निकाल शहीद स्मारक स्थल पर पहुंच कर शहीदों को नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसमें जमशेद अली, जितेंद्र कुमार, संजय सैनी, धर्मवीर सिंह, राज कुमार, शौजी जैदी, रितु सैन आदि ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।