सहारनपुर में सरदार वल्लभाई पटेल की जयंती पर भाजपा द्वारा आयोजित की गई रन फॉर यूनिटी फ्लॉप शो साबित हुई। चुनावी मौसम होने के बावजूद मेयर और पार्षद पदों पर चुनाव लड़ने का आवेदन करने वाले कार्यकर्ता कार्यक्रम में नहीं दिखाई दिए। उधर, भाजपा हाईकमान ने कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देेश दिए थे।
मंगलवार को सरदार वल्लभाई पटेल की जयंती पर भाजपा द्वारा गांधी पार्क से रन फॉर यूनिटी दौड़ का आयोजन किया गया। भाजपा युुवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत पाठक ने दौड़ को हरी झंडी दिखाई। देहरादून चौक स्थित सरदार वल्लभाई पटेल की प्रतिमा पर पहुंचकर दौड़ संपन्न हुई।
सुब्रत राय पाठक ने कहा कि सरदार पटेल आधुनिक भारत के जन्मदाता थे। उन्होंने राष्ट्रीय एकता बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। महानगर अध्यक्ष अमित गगनेजा ने कहा कि सरदार वल्लभाई पटेल का संपूर्ण जीवन प्रेरणास्त्रोत है।
भारत सरकार ने उनकी याद में सबसे बड़ी लोहे की प्रतिमा बनाकर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी। उधर, रन फॉर यूनिटी दौड़ को लेकर भाजपा हाईकमान ने निर्देश दिए थे कि भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होकर दौड़ को सफल बनाए।
मगर चुनावी सीजन होने के बावजूद रन फॉर यूनिटी दौड़ फ्लॉप शो साबित हुई। सोमवार को नगर निगम चुनाव समिति भाजपा के प्रभारी विजयपाल तोमर ने भी पत्रकार वार्ता कर दौड़ को सफल बनाने का आह्वान किया था, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ।
दौड़ में मात्र 30 से 40 कार्यकर्ता ही शामिल हुए। जबकि हाल ही में भाजपा की ओर से मेयर पद पर चुनाव लड़ने के लिए 28 और 70 वार्डों पर पार्षद पद के लिए 350 कार्यकर्ताओं ने आवेदन किया था।
मगर दौड़ में चुनाव लड़ने की दावेदारी करने वाले कार्यकर्ता दिखाई नहीं दिए। वहीं, पार्टी सूत्रों का कहना है कि भाजपा महानगर में चल रही गुटबाजी के चलते दौड़ फ्लॉप शो साबित हुई है। कार्यकर्ताओं में फोटो खिंचवाने को लेकर विवाद हुआ।
रन फॉर यूनिटी दौड़ कार्यक्रम भाजपा युवा मोर्चा का था। उनके स्तर से सभी पदाधिकारियों और चुनाव लड़ने का आवेदन करने वाले कार्यकर्ताओं को सूचना दी गई थी।
-अमित गगनेजा, महानगर अध्यक्ष भाजपा