सहारनपुर में उत्तराखंड के विकासनगर निवासी व्यक्ति की हत्या के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने हत्या कुतुबशेर थाना क्षेत्र की चांद कालोनी में की थी, जबकि शव देहात कोतवाली क्षेत्र में नहर किनारे पड़ा हुआ मिला था।
हत्याकांड में महिला भी शामिल रही है। देहात कोतवाली क्षेत्र के चिलकाना रोड स्थित हलालपुर की नहर से 20 फरवरी 2017 को एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था।
दूसरे दिन उसकी पहचान हनीफ निवासी विकासनगर के रूप में हुई। पुलिस ने उसका शव उसके बेटे मुस्तकीम के सुपुर्द कर दिया। नगर पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि मुस्तकीम ने 12 मार्च को अपने पिता की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए अज्ञात में मामला दर्ज कराया।
जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इस मामले में मंगलवार को अब्दुल्ला तथा उसके बहनोई रफत निवासी चांद कालोनी को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिटी ने बताया कि उन्होंने पुलिस को बताया कि 19 फरवरी को हनीफ हरिद्वार से एक युवती को चांद कालोनी निवासी अब्दुल्ला के घर पर लाया। अब्दुल्ला को पैसे दिए तो अब्दुल्ला ने उन्हें अपने घर के ऊपर वाले कमरे में जगह उपलब्ध करा दी।
हनीफ, युवती के साथ रहा। लेकिन इस दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। एसपी सिटी ने बताया कि हनीफ की मौत के बाद शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई गई।
रात होने तक का इंतजार किया गया और हरिद्वार से लाई गई युवती, अब्दुल्ला, रफत एवं अब्दुल्ला के परिवार के अन्य लोगों ने शव को टेंपो में रखवा दिया और चिलकाना रोड पर बड़ी नहर किनारे ले जाकर फेंक दिया।
एसपी सिटी ने बताया कि सात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। जिनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसमें कुछ महिलाओं का नाम भी शामिल है। शीघ्र ही हरिद्वार की आरोपी युवती एवं अन्य लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा।