गंगोह। अंबा विहार निवासी भगवत प्रसाद तायल के परिजनों ने मरणोपरांत उनके नेत्रदान कराकर दो नेत्रहीनों के जीवन में उजाला लाने का पुनीत कार्य किया है। दृष्टि एक प्रयास सहित विभिन्न संस्थाओं की प्रेरणा से क्षेत्र से अब तक 22 जोड़ी आंखें दान की जा चुकी हैं।
नगर की विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक, धार्मिक संस्थाओं को समर्पित प्रदीप तायल एवं प्रवीण तायल ने अपने पिता भगवत प्रसाद तायल की इच्छा के अनुपालन में मरणोपरांत नेत्रदान कराकर दो नेत्रहीनों के संसार को रोशनी प्रदान कराने का पुनीत कार्य किया है। लायंस क्लब गंगोह सेंट्रल एवं दृष्टि एक प्रयास संस्था के माध्यम से सहारनपुर की रोशनी आई बैंक के सूरज जैन की टीम को बुलवाकर नेत्रदान संपन्न कराया। दृष्टि-एक प्रयास के अध्यक्ष अमित गर्ग, रोटरी क्लब के मनी गोयल, भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. मनोज जैन, अरविंद पाल कपूर आदि ने पुनीत कार्य के लिए परिजनों को साधुवाद दिया है।