जिला अस्पताल के रैन बसरो में डाले गये गद्दे व कंबल
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। जिला अस्पताल के रैन बसेरों में तीमारदारों के लिए बिस्तर तैयार कर दिए गए हैं। जिन रैन बसेरों में अंधेरा छाया हुआ था वहां भी प्रकाश की व्यवस्था कर दी गई है। अब तीमारदार फर्श पर रात गुजारने की बजाय रैन बसेरों में गद्दों पर आराम से सो सकेंगे।
अमर उजाला ने शुक्रवार के संस्करण में जिला अस्पताल के रैन बसेरों की बदहाली पर प्रमुखता के साथ समाचार प्रकाशित किया। जिसके बाद जिला अस्पताल प्रशासन हरकत में आया। प्रमुख अधीक्षक डॉ. आभा वर्मा ने रैन बसेरों में जाकर उनका हाल देखा। उनके साथ वरिष्ठ सहायक देव कुमार और मैनेजर विक्रांत तिवारी भी रहे। इसके बाद आभा वर्मा ने रैन बसेरों में व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। जिसके बाद रैन बसेरों में सफाई करने के साथ ही बेड डालने के साथ ही उन पर नए गद्दे और बेडशीट बिछाई गई है। साथ ही ओढ़ने के लिए कंबल भी रखे गए हैं। इसके अलावा प्रकाश के लिए लाइटें लगाई गई हैं। आभा वर्मा ने शनिवार को रैन बसेेरों के शौचालय आदि को दुरुस्त करने तथा चारों ओर तिरपाल लगाने के निर्देश दिए, जिससे रात में ठंडी हवा रैन बसेरों में प्रवेश ना कर सके। उन्होंने तीमारदारों से फर्श पर सोने की बजाय रैन बसेरों में रहने की अपील की।
रैन बसेरों में तीमारदारों के सोने की व्यवस्था करा दी गई है। जो कमियां हैं उन्हें भी शनिवार तक दूर कर दिया जाएगा। साथ ही हमने स्वम वार्डों में जाकर तीमारदारों से रैन बसेेरों में सोने को कहा है।
डॉ. आभा वर्मा, प्रमुख अधीक्षक, एसबीडी जिला अस्पताल।