फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खुशी हो या गम, पौधे लगाकर यादगार बनाएं हम

विज्ञापन
ग्राम प्रधान सविता - फोटो : SAHARANPUR
विज्ञापन
सहारनपुर। रामपुर मनिहारान ब्लॉक की चकवाली ग्राम पंचायत की प्रधान सविता मात्र पांचवीं तक पढ़ी हैं, लेकिन पर्यावरण संरक्षण के लिए उन्होंने जो मुहिम छेड़ी हुई है वह अनूठी ही नहीं, बल्कि पूरी प्रकृति के हित में है। जो भी उनकी मुहिम के बारे में सुनता है वह उनकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाता है। खुशी का हो या फिर गम का ही माहौल क्यों न हो, वो लोगों को यादगार बनाने के लिए पौधे लगाने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
विज्ञापन

सविता ने बताया कि वह किसान परिवार से हैं। बचपन से आज तक खेत और खलिहानों से रिश्ता रहा है। ऐसे में पेड़ और पौधों से लगाव होना स्वाभाविक है। सविता ने बताया कि वह लगातार टीवी पर सुनती आई हैं कि पेड़ लगातार कम होने से पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है। ऐसे में वह हमेशा से कुछ अलग करना चाहती थीं। ऐसे में ग्राम प्रधान बनने के बाद उन्होंने अपनी ग्राम पंचायत की सबसे पहली बैठक का उद्घाटन भी पौधा लगाकर किया, साथ ही अपने बेटे नकुल चौधरी और छोटे बेटे अनुज चौधरी से पर्यावरण संरक्षण के संबंध में बात की। अनुज चौधरी शिक्षक हैं, जिन्होंने मां की सोच का सम्मान करते हुए ‘सेल्फी विद ट्री नेचर’ नाम से ऐप बनवाया। लोगों से अपील की गई कि वह अपने बच्चों के जन्म दिन, बुजुर्गों की मौत, सगाई और शादी सहित किसी भी खास दिवस पर एक पौधा जरूर लगाएं। ऐप को बने करीब एक वर्ष हो चुका है। मुहिम इतना रंग लाई है कि अब यह उनकी ग्राम पंचायत की प्रथा बन गई है कि लोग किसी भी खास दिवस पर पौधा लगाकर सेल्फी लेकर ऐप पर डालते हैं।
ग्राम पंचायत में ही करीब पांच हजार पौधे लगे
सविता के बड़े बेटे नकुल ने बताया कि मुहिम केवल उनकी ग्राम पंचायत या सहारनपुर ही तक सीमित नहीं रही है। बाहर के लोग भी पौधा लगाते हुए सेल्फी लेकर ऐप पर डाल रहे हैं। अभी तक कई हजार लोग ऐप पर फोटो भेज चुके हैं। अकेले उनकी ही ग्राम पंचायत में पांच हजार से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं।
विज्ञापन

मेहमान से लगवाते हैं पौधा
सविता ने बताया कि उनकी ग्राम पंचायत में जो भी अधिकारी आता है वह उससे कम से कम एक पौधा जरूरी लगवाती हैं। इसके अलावा यदि कोई मेहमान भी आता है तो उससे भी पौधा लगवाया जाता है। सविता का कहना है कि यदि हम समाज को अधिक से अधिक पेड़ दे पा रहे हैं तो इससे बेहतर उपहार नहीं हो सकता।
पुराने पेड़ों को बचाने का प्रयास
सविता न केवल पौधे लगाने पर जोर दे रही हैं, बल्कि ग्राम पंचायत में लगे पुराने पेड़ों के नीचे चबूतरे बनवा रही हैं, जिससे लोग गर्मियों में उनकी छांव में बैठकर पेड़ों की महत्ता को समझ सकें और मुहिम से जुड़ सकें।

पौधारोपण करती ग्राम प्रधान सविता- फोटो : SAHARANPUR

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें