मां शाकंभरी देवी की फोटो पूरी दुनिया में बढ़ाएगी मान
मां शाकंभरी राजकीय विश्वविद्यालय से मिलने वाली डिग्री पर मां शाकंभरी देवी की फोटो लगी होगी, जिससे पूरी दुनिया में सहारनपुर की अलग पहचान बनेगी। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर घेरते हुए कहा कि देश-विदेश मां शाकंभरी देवी के साथ सहारनपुर की अलग पहचान बनेगी।
33 दिन में दूसरी बार आए योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 33 दिन में दूसरी बार सहारनपुर आए हैं। दो दिसंबर को उन्होंने पुवांरका में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ मां शाकंभरी देवी राजकीय विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया था। अब मंगलवार को देवबंद में एटीएस कमांडो ट्रेनिंग सेंटर का शिलान्यास किया है। संवाद
भगवा टोपी से दिया लाल टोपी का जवाब
सपा की लाल टोपी को प्रदेश के लिए खतरा बताकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपाइयों को जो संदेश दिया, उसका असर देवबंद कार्यक्रम में साफ देखने को मिला। लाल टोपी के जवाब में भाजपा कार्यकर्ता भगवा टोपी लगाकर पहुंचे। दूर दूर तक भगवा टोपी ही चमक रही थी। इससे साफ था कि भाजपाई संदेश को भली भांति समझ चुके हैं।
फरवरी 2021 में विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी की लाल टोपी पर चुटकी ली थी। इसके बाद बीती आठ दिसंबर को गोरखपुर में एक रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सपा की लाल टोपी पर निशाना साधा था। तभी से भाजपा की रैलियों में लाल टोपी के जवाब में भगवा टोपियों की एंट्री जोर शोर के साथ होने लगी। मंगलवार को देवबंद में हुए कार्यक्रम में सपा की लाल टोपी की तरह भाजपाई भगवा टोपी पहनकर पहुंचे।
बीजेपी लिखी भगवा टोपी अधिकांश कार्यकर्ताओं के सिर पर लगी दिखाई दी। इतना ही नहीं महिलाएं भी भगवा टोपी पहनकर ही कार्यक्रम में पहुंची। सिख समाज के कुछ लोग भी यहां पहुंचे जो भगवा रंग की पगड़ी लगाकर इस कार्यक्रम में शामिल हुए। कुछ मुस्लिम भी भाजपा की भगवा टोपी धारण करके यहां आए थे।