डेंगू मरीजों के लिए अस्पताल में खड़ी एंबुलेंस।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। जनपद में डेंगू के पांच नए मामले सामने आने के बाद प्रशासन और चिकित्सा विभाग हरकत में आ गया हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर राजकीय मेडिकल कॉलेज में 140 बेड और जिला अस्पताल में 50 बेड की व्यवस्था की गई है।
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं अन्य प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह ओपीडी में अधिक से अधिक मरीजों को परामर्श दें। यदि जरूरत हो तो अस्पताल में भर्ती कर इलाज दिया जाए। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज में 140 बेड डेंगू के मरीजों के लिए आरक्षित कर दिए गए हैं। एसबीडी जिला अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड को विस्तारित करते हुए डेंगू मरीजों के लिए 50 बेड की व्यवस्था की गई है। इमरजेंसी वार्ड प्रभारी डॉ. केवी सिंह, डॉ. रामानंद, देव कुमार और मैनेजर विक्रांत तिवारी ने रविवार को अपने सामने यह व्यवस्था कराई। डॉ. केवी सिंह ने बताया कि यह 50 बेड इमरजेंसी वार्ड, ट्रामा सेंटर और बर्न वार्ड में लगाए गए हैं। कोरोना में लगे स्टाफ को भी फिलहाल इमरजेंसी वार्ड में ट्रांसफर किया गया है। इसके अलावा डेंगू के गंभीर मरीजों के लिए दो अतिरिक्त एंबुलेंस इमरजेंसी पर 24 घंटे मौजूद रहेंगी। कंट्रोल रूम भी बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि डेंगू के इलाज के लिए पर्याप्त दवाएं उपलब्ध हैं। ऐसे में मरीजों को घबराने की जरूरत नहीं है। जरूरी है कि लोग मच्छरों से बचने के लिए जरूरी उपाय करें। यदि किसी मरीज में डेंगू जैसे लक्षण हैं तो वह लापरवाही ना बरते और तुरंत सरकारी अस्पताल में इलाज कराए।
जिला अस्पताल में डेंगू मरीजों के लिए लगाए गए बेड- फोटो : SAHARANPUR