सहारनपुर। मां शाकंभरी विश्वविद्यालय से संबद्ध मंडल के तीनों जनपदों के महाविद्यालयों की स्नातक प्रथम वर्ष की सीटों के लिए ऑनलाइन आवेदन आज से शुरू हो रहे हैं। दाखिले के इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.msuniversity.ac.in पर दिए गए लिंक के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
स्नातक प्रथम वर्ष की सीटों पर मां शाकंभरी विश्वविद्यालय पहली बार दाखिले करा रहा है। अभी तक मंडल के तीनों जनपदों के सभी महाविद्यालय चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेेरठ से संबद्ध थे। कई दशकों से दाखिले की प्रक्रिया चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के द्वारा ही कराए जाते रहे हैं। विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों की संख्या 500 से अधिक होने की वजह से प्रत्येक वर्ष वेबसाइट हैंग हो जाती थी, जिसकी वजह से अभ्यर्थियों को आवेदन करने में परेशानी रहती थी। जनपद में इस बार 26,492 विद्यार्थियों ने 12वीं उत्तीर्ण की है। चूंकि सभी यूपी बोर्ड के हैं। ऐसे में इनमें से ज्यादातर की इच्छा मां शाकंभरी विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में दाखिले की रहेगी। वह बीते कई दिन से दाखिले की प्रक्रिया शुरू होने के इंतजार में भी थे, जो आज यानी चार जुलाई को खत्म हो रहा है। मां शाकंभरी विश्वविद्यालय के प्रवेश समन्वयक/सीसीआर पीजी कॉलेज मुजफ्फरनगर के प्राचार्य प्रोफेसर नरेश कुमार मलिक ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन विश्वविद्यालय की वेबसाइट के माध्यम से ही होंगे। आवेदन करने के बाद विश्वविद्यालय मेरिट जारी करेगा। इसके बाद दाखिले की प्रक्रिया संबंधित महाविद्यालयों के माध्यम से पूर्ण की जाएगी। दाखिले के इच्छुक अभ्यर्थी चार जुलाई से आवेदन कर सकते है। उन्होंने बताया कि प्रवेश के लिए ऑन लाइन पंजीयन कराना अनिवार्य है।