पशु मंडी का 81 लाख रुपये का ठेका निरस्त
सहारनपुर। नगर निगम बोर्ड की कार्यकारिणी समिति की बैठक में पशु मंडी का 81 लाख रुपये का ठेका निरस्त कर दिया गया। साथ ही अगले तीन दिन में नीलामी प्रक्रिया के तहत ठेका देने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा महापौर संजीव वालिया ने नगर निगम के कर्मचारियों की कुछ दिन पूर्व हुई पदोन्नति पर सवाल उठाए। बैठक में वेंडिंग जोन का मुद्दा भी जोरशोर से उठा।
कार्यकारिणी समिति की बैठक 22 जून को बुलाई गई थी, लेकिन कई कार्यों की पत्रावलियां प्रस्तुत नहीं करने की वजह से बैठक स्थगित कर दी गई थी। शुक्रवार को दोबारा बुलाई गई बैठक की अध्यक्षता महापौर संजीव वालिया ने की। बैठक में पशु मंडी का ठेका, कमेला, वेंडिंग जोन अैर कर्मचारियों की पदोन्नति आदि पर महापौर और सदस्य पार्षदों ने सवाल उठाए। महापौर ने कर्मचारियों की पदोन्नति के आधार के बारे में पूछा। आधार की सूची सदन प्रभारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पूछा कि वेंडिंग जोन निर्धारित करना किसका अधिकार है। पार्षद आशुतोष सहगल ने भी वेंडिंग जोन पर सवाल उठाया।
महापौर, आशुतोष सहगल और मुकेश गक्खड़ ने कहा कि बोर्ड ने वेंडिंग जोन का प्रस्ताव रद्द कर दिया था। बिना अनुमति के वेंडिंग जोन बनाए गए हैं। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह व सदन प्रभारी दिनेश यादव ने बताया कि जो भी वेंडिंग जोन बने हैं वह न तो नगर निगम की भूमि पर हैं और न ही उसमें नगर निगम से कोई धन व्यय हुआ है। बैठक में कमेला से नगर निगम की आय बढ़ाए जाने पर चर्चा की गई। महापौर और नगरायुक्त ने पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा को एक सप्ताह के भीतर आय बढ़ाने की संभावनाओं की नीति प्रस्तुत करने को कहा।
बैठक में अपर नगरायुक्त राजेश यादव, मुख्य अभियंता निर्माण कैलाश सिंह, सदन प्रभारी दिनेश यादव, मुख्य लेखा परीक्षक अजय कुमार, लेखाधिकारी राजीव कुशवाह, निगम के पशु चिकित्साधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा, कर अधीक्षक विनय शर्मा, सहायक अभियंता दानिश नकवी आदि मौजूद रहे।
पार्षदों ने ये उठाई मांग
बैठक में पार्षद अनिल पप्पू ने अपने क्षेत्र के श्मशानों में शेड बनवाने, पार्षद पिंकी गुप्ता ने नुमाइश कैंप रोड पर और अधिक हरित पट्टियां बनवाने, विजय कालड़ा ने नुमाइश कैंप के दोनों एतिहासिक द्वारों का सुंदरीकरण कराने की मांग की। पार्षद मीनाक्षी, भूरा सिंह प्रजापति, कंचन धवन, मनोज जैन आदि ने भी सुझाव दिए। पार्षद मुकेश गक्खड़ ने जुबली पार्क में पेड़ काटने का मुद्दा उठाया। पार्षद अभिषेक अरोड़ा टिंकू ने जीएम पोर्टल से सफाई कर्मचारियों की भर्ती पांच दिन के भीतर कराने की मांग की।