नानौता। एक इंटर कॉलेज की कक्षा में बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के पोस्टर फाड़ने व उसके साथ अमर्यादित आचरण करने का वीडियो वायरल होने के बाद भीम आर्मी ने मामले में कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
थाना क्षेत्र के गांव सोना अर्जुनपुर में स्थित इंटर कॉलेज की एक कक्षा में शरारती तत्वों द्वारा बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के पोस्टर फाड़ने तथा पोस्टर के साथ अभद्रता कर अपमानित करने का वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो की जानकारी मिलने पर भीम आर्मी जिलाध्यक्ष डॉ. रोहित राज गौतम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अनुसूचित समाज के लोग बुधवार को गांव के संत रविदास मंदिर परिसर में एकत्रित हुए। जहां डॉ. रोहितराज गौतम ने कहा कि बाबा सिद्ध इंटर कॉलेज की एक कक्षा में शरारती तत्वों द्वारा दीवार पर लगे बाबा साहेब के पोस्टरों को फाड़ा गया। यही नहीं फाड़े गए पोस्टरों के साथ अमर्यादित आचरण किया। जब अनुसूचित समाज के लोगों द्वारा इसका विरोध किया तो शरारती तत्वों ने जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट की। बैठक के बाद भीम आर्मी पदाधिकारियों ने थाना पुलिस को तहरीर देते हुए शरारती तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। दो दिन में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई। रजत प्रधान, अशोक मनानी, अनिल रावण, अंकित, अविनाश, डॉ. अंकित आर्य, नीटू, विपिन कुमार, विशाल, मोनू अंकित, विपिन आदि रहे। उधर, कॉलेज प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह ने बताया कि उक्त प्रकरण का बुधवार को प्रबंधक समिति व अन्य लोगों द्वारा दोनों पक्षों से वार्ता कर पटाक्षेप करा दिया गया है। थानाध्यक्ष चंद्रसेन सैनी ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी।