सहारनपुर। एक दिन पहले नगर कोतवाली क्षेत्र में मिले शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। जिसमें खुलासा हुआ कि आकाशवाणी कर्मचारी की मौत नाले में डूबने से हुई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। कोई तहरीर नहीं आई है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
दरअसल, शनिवार को घंटाघर पर पुलिस चौकी से करीब 50 मीटर दूर नाले में आकाशवाणी कर्मचारी मांगेराम (55) पुत्र भोलूराम निवासी राधा विहार का शव किशनपुरा पटरी नाले में मिला था। शुक्रवार की रात मांगेराम घंटाघर पर बस से उतरे थे। रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं लग पाया। शनिवार देर शाम पता चला कि शव नाले में मिला है। पता लगते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। जिसकी रिपोर्ट भी आ गई। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि आकाशवाणी कर्मचारी की हत्या नहीं हुई है। उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत होना आया है। परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। तहरीर आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।