सहारनपुर। सरकार छह से 11 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए कोविड से बचाव के लिए टीका लाने की तैयारी में है। पहले से चल रहे किशोरों के टीकाकरण की बात करें तो स्थिति काफी हद तक संतोषजनक कही जा सकती है। 12 से 14 और 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों का कोविड टीकाकरण इसी साल से शुरू हुआ है। विभाग के लिए सुकून वाली बात यह है कि वह लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है।
15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों का कोविड टीकाकरण तीन जनवरी 2022 से चल रहा है। जनपद में इस आयु वर्ग के किशोरों की संख्या 2,43,117 हैं। यानी इतने किशोरों को टीका लगाया जाना है। बीते तीन माह 25 दिन में अभी तक 2,03,014 किशोर पहली खुराक ले चुके हैं, जिनका प्रतिशत 83.5 है। करीब चार माह में पहली खुराक में 83 फीसदी संख्या को पार कर जाने से चिकित्सा विभाग उत्साहित है। हालांकि दूसरी खुराक की प्रगति थोड़ा धीमी है। अभी तक 1,28,942 किशोरों ने दूसरी खुराक ली है। यानी 53 फीसदी किशोरों का टीकाकरण पूर्ण हो चुका है। 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों का टीकाकरण 16 मार्च 2022 से शुरू हुआ है। जिनमें 1,46,835 किशोरों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। बीते 42 दिन में 75,842 किशोर पहला टीका लगवा चुके हैं, जो 51.7 फीसदी है। दूसरी खुराक की गति अभी बेहद धीमी है। जिले में 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के केवल 3,315 यानी 2.3 फीसदी किशोरों ने दूसरी खुराक ली है। हालांकि अधिकारी आगामी दिनों में इसकी संख्या बढ़ने की उम्मीद जता रहे हैं।
सरकारी विद्यालयों की स्थिति ठीक नहीं
12 से 14 और 15 से 17 आयु वर्ग के किशोरों के टीकाकरण के मामले में सरकारी विद्यालयों की स्थिति पब्लिक स्कूलों से अधिक खराब है। आशा मॉडर्न स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. दिव्य जैन ने बताया कि उनके यहां शत प्रतिशत किशोर छात्रों को टीका लगाया जा चुका है। इसके लिए उनके विद्यालय में शिविर भी लगातार चल रहा है। सरस्वती विहार सीनियर सेकेंड्री स्कूल के प्रधानाचार्य राजीव शुक्ला ने बताया कि उन्होंने अपने यहां विशेष शिविर लगवाकर सभी किशोर छात्रों को टीका लगवाया है। उधर, जिला विद्यालय निरीक्षक रवि दत्त लगातार माध्यमिक विद्यालयों को पत्र जारी कर शत प्रतिशत छात्रों को टीका लगवाने के लिए निर्देशित कर रहे हैं। कई विद्यालयों ने अभी तक टीकाकरण की रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की है।
केंद्र पर पहुंच रहे किशोर
जिला महिला अस्पताल में चल रहे टीकाकरण केंद्र पर प्रतिदिन 50 से 60 किशोर टीका लगवाने पहुंच रहे हैं। यहां तैनात चिकित्सा कर्मियों ने बताया कि कुछ दिन पहले यह संख्या इससे भी कम थी, लेकिन कई दिन से किशोर आ रहे हैं। एसबीडी जिला अस्पताल में भी प्रतिदिन टीका लगवाने के लिए आने वालों की संख्या 40 से 60 के बीच ही बताई गई है।
अभी आदेश का इंतजार
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि छह से 11 वर्ष की आयु के बच्चों के टीकाकरण को लेकर सरकार के स्तर से कदम उठाए जा रहे हैं, लेकिन जनपद में इसके लिए अभी तक कोेई आदेश नहीं आए हैं। जब भी छह से 11 आयु वर्ग वालों की टीकाकरण होगा। उसके लिए बाकायदा चिकित्साकर्मियों का प्रशिक्षण होगा, जिसमें बताया जाएगा कि कितनी खुराक देनी है। फिलहाल हम आदेश आने के इंतजार में हैं।