सरसावा। राधा स्वामी कॉलोनी के अमित हत्याकांड के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों पर दस-दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए चार टीम बनाई गई है।
बता दें, कि अमित उर्फ काला (32) पर 20 अक्तूबर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के दौरान चंडीगढ़ में मंगलवार को उसकी मौत हो गई थी। बुलेट से पटाखा छोड़ने को लेकर विवाद हुआ था। इस मामले में पीड़ित पक्ष की तरफ से आरोपी प्रगट, मलकीत, ईशु, अर्जुन मोगा, अमित, सुमित, आदर्श और आनंद निवासी सरसावा के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था।
बुधवार दोपहर बाद तीन बजे अमित का शव सरसावा पहुंचा, जिसे देख लोग आक्रोशित हो गए। एसपी देहात सागर जैन ने लोगों को समझाया कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होगी। आरोपी प्रगट सिंह, अर्जुन मोगा, ईशु तथा अमित के खिलाफ उनके अपराधिक इतिहास को देखते हुए दस-दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इस पर ग्रामीण शांत हुए, जिसके बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया।
n सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा वीडियो : हमले से संबंधित वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें 12 से भी अधिक युवक बुलेट बाइक एवं कार से अमित का पीछा करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में यह भी नजर आ रहा है कि युवक धारदार हथियारों को लहराते हुए वार कर रहे हैं। पुलिस ने वीडियो को अपनी जांच में शामिल किया है।