बिहारीगढ़(सहारनपुर)। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर गणेशपुर में ओवरब्रिज से गुजर रहे तेल के टैंकर के केबिन में अचानक शॉट सर्किट से आग लग गई। केबिन में धुआं उठता देख चालक समय रहते गाड़ी रोक कर बाहर निकल आया। दमकल की गाड़ी ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बुधवार दोपहर बाद चालक सीताराम निवासी बहबलपुर, जिला हिसार हरियाणा भठिंडा पंजाब से जेट फ्यूल लेकर देहरादून जा रहा था। गाड़ी जैसे ही गणेशपुर में स्थित ओवरब्रिज पर चढ़ी तथी उसके केबिन में शॉट सर्किट होने के कारण अचानक आग लग गई। चालक ने बताया कि उसने केबिन से धुआं उठता देख उसने आनन फानन में इंजन बंद किया और गाड़ी से नीचे उतर गया। घटना कि सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मय फोर्स मौके पर पहुंचे। थाना फतेहपुर से अग्नि शमन वाहन बुलाया गया। कुछ देर बाद सहारनपुर से एक अन्य गाड़ी भी मौके पर पहुंची। दमकल की दोनों गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग गाड़ी के केबिन तक ही रही।
इस दौरान आसपास के लोगाें की सांसें अटकी रहीं। आग बुझने के बाद ही उन्होंने चैन की सांस ली। पुलिस ने इस दौरान सुरक्षा के लिहाज से हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों को रोक दिया था। आग पर काबू पाने के बाद ही वाहनों का आवागमन शुरू कराया गया।