मदरसे में छात्र की पिटाई पर हंगामा
सहारनपुर। कुतुबशेर थाना क्षेत्र के एक मदरसे में छात्र की पिटाई को लेकर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने मदरसे के मुफ्ती पर बच्चे की पिटाई करने और किसी से शिकायत करने पर मदरसे से निकाल देने की धमकी का आरोप लगाया। उनकी ओर से थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
मोहल्ला खाताखेड़ी निवासी मोहम्मद इनाम का 13 वर्षीय पुत्र नवाजिश मानकमऊ स्थित एक मदरसे का छात्र है। आरोप है कि सोमवार को मदरसे के एक मौलवी ने नवाजिश की पढ़ाई में कुछ गलती होने पर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोप है कि किसी को पिटाई के बारे में शिकायत करने पर उसे मदरसे से निकालने की भी धमकी दी। नवाजिश ने अपने घर पहुंचकर पहले तो किसी को कुछ नहीं बताया। लेकिन शरीर पर निशान देख कर परिजनों ने उससे पूछा तो उसने पिटाई के बारे में जानकारी दी। इस पर परिजन आक्रोशित हो गए।
परिजनों के मुताबिक मंगलवार को उन्होंने मदरसे में जाकर मुफ्ती से शिकायत की। लेकिन मुफ्ती ने उनकी बात को अनसुना कर दिया। इस पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने इस मामले में कुतुबशेर थाना में तहरीर देकर आरोपी मुफ्ती के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मामले में मंगलवार शाम तक दोनों पक्षों में समझौता कराए जाने का प्रयास किया जा रहा है। कुतुबशेर थाना प्रभारी दीपक कुमार चतुर्वेदी का कहना है कि मदरसे में एक बच्चे की पिटाई की शिकायत मिली थी। पिता की ओर से तहरीर दी गई है।