नानौता (सहारनपुर)। नगर के दिल्ली रोड पर हाईटेंशन लाइन के टूटने से घरों में करंट दौड़ गया। इससे करीब एक दर्जन घरों में हजारों रुपयों के विद्युत उपकरण फुंक गए। पीड़ितों ने विद्युत विभाग से मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।
बृहस्पतिवार की शाम नगर के दिल्ली-यमुनोत्री हाइवे के समीप स्थित ढाबे के बाहर 11 हजार केवी हाईटेंशन लाइन का तार तेज धमाके के साथ टूटकर गिर गया। जिससे ढाबे तथा आस-पास मौजूद घरों सहित समीपवर्ती कालोनी अनुभव गार्डन के दीपक पाल, आमिर, अनुराग राणा, सचिन, सतीश शर्मा, नरेश राणा, रवि कश्यप, नरेन्द्र चौधरी सुशील राणा आदि सहित करीब एक दर्जन घरों में हजारों रुपयों कीमत के इनवर्टर, स्टैबलाइजर, पंखे, स्विच, बोर्ड तथा अन्य विद्युत उपकरण फुंक गए। पीड़ित लोगों ने विद्युत विभाग से उनके हुए नुकसान की भरपाई के लिए उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।