रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। गांव लंढौरा गुर्जर के जंगल में बृहस्पतिवार की सुबह एक युवक का शव पेड़ पर लटका मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक युवक की पहचान गांव के ही 25 वर्षीय मेहरबान उर्फ बाबू पुत्र इदरीश के रूप में हुई है। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी एसके राणा ने शव का पेड़ से उतरवाने के बाद जांच पड़ताल की। एसओ ने बताया कि परिजनों के अनुसार युवक घरेलू विवाद के कारण तनाव में चल रहा था। प्रथम दृष्टया यह माना जा रहा है कि युवक ने आत्महत्या की है। मृतक के परिजनों ने पुलिस को किसी भी कार्यवाही से इंकार किया है। लेकिन फिर भी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। यदि पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण जरा भी संदिग्ध आता है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।